कौन-सी थी वो ज़ुबान / जो तुम्हारे कंधे उचकाते ही / बन जाती थी / मेरी भाषा / अब क्यों नहीं खुलती / होंठों की सिलाई / कितने ही रटे गए ग्रंथ / नहीं उचार पाते / सिर्फ तीन शब्द

मुसाफ़िर...

Wednesday, April 17, 2013

हर साल बस इंतज़ार






- चण्डीदत्त शुक्ल

धुंधली होती गई धीरे-धीरे गुलाबी जनवरी.
कोहरे की चुन्नी में बंधी रही,
जाती हुई फरवरी के चांद की हंसी.
मार्च की अलगनी पर टंगी रह गई,
तुम्हारी किलकन की चिंदी-चिंदी रुमाल।
अप्रैल, मई और जून पकते हैं मेरे दिमाग में,
सड़े आम की तरह,
बस अतीत की दुर्गंध के माफिक,
पूरी जुलाई बरसती है आंख
और कब बीत जाते हैं,
अगस्त, सितम्बर, अक्टूबर
कांपते हुए,
जान भी नहीं पाता।
तुम्हारे बिना मिला सर्द अकेलापन मौसमों पर भारी है.
नवम्बर के दूसरे हफ्ते की एक बोझिल शाम में याद करता हूं,
चार साल पहले के दिसम्बर की वो रात,
जब तुमने हौले-से
चीख जैसा घोल दिया था,
कान में,
तीखा-लाल मिर्च सरीखा स्वाद,
कहकर –
अब के बाद हर साल बस इंतज़ार करोगे!

Wednesday, February 27, 2013

यह संस्मरण नहीं, वे अब भी हैं साथ ही कहीं

- चण्डीदत्त शुक्ल

मेरे शहर का नाम गोंडा है। धुंध, धूल, हंसी, उदासी, ठंड नारेबाज़ी और सरोकार – हर मौसम, हर एहसास, अपनी पूरी बुलंदी पर। सुना है – एक-दो मॉल खुल गए हैं – देखा नहीं। सोचता हूं – दिल्ली-बंबई की तरह वहां कार्ड से पेमेंट होता होगा, बैरे को टिप दी जाती होगी या फिर पुराने वक्त के हिसाब से बारगेनिंग, यानी `थोड़ा और कम करो' की कवायद जारी होगी? खैर, बयान यहां गोंडा का करना नहीं था, ये सब बताने की गरज बस इतनी थी कि मेरा शहर कुछ-कुछ कस्बाई है, जो जितना बिल्डिंगों में बना और सड़कों पर बढ़ा है, कदरन उतना ही दिलों में भी बसा है। बात उन दिनों की करनी थी, जब मैं किशोर से ज्यादा और नौजवान से कुछ कम था, बीए फर्स्ट ईयर के दौर की या उससे भी पहले की बात होगी।
जगन्नाथ त्रिपाठी जी, भाषाविद् और साहित्यकार

कहते हैं – जवानी की डगर पर पहले-पहले कुछ क़दम रखते वक्त मोहल्ले की सब लड़कियां हसीन लगती हैं और जगजीत सिंह की ग़ज़लें मीठी – ऐसे समय में डायरी लिखने की आदत पड़ जाती है, सो ग़म-ए-रोजगार इश्क था, कुछ-कुछ रोजगार की तलाश थी पर डायरी में कवितानुमा पता नहीं क्या लिखने का चस्का लग चुका था। शहर तब भी ऐसा ही था, जैसा कम-ओ-बेश अब है... साहित्य को लेकर सनक, उन्माद, जुनून इसी तरह का था, ज्यूं इस दिन तक है, जब आप ये यादनामा पढ़ रहे हैं। परंपरागत कविताई, यानी छंद, तुक से तुक मिलाने की होड़, ऐसी कविताएं – जो सांस्कृतिक पहचान हैं – मंचों पर  वीर रस का वमन, या चुटकुलेबाजी तब भी थे, लेकिन कुल-मिलाकर बात बस इतनी कि हवा में परंपरा की खुशबू ज्यादा थी। मुझे मुगालता था अपनी उम्र से आगे का होने का, सो तुक से अलग, बेतुकी बोले तो फ्री-वर्स कविताएं गढ़ने लगा था।

उन्हीं दिनों मिले थे डीएफओ साहब।
सेवानिवृत्त हो चुके थे। पर हम सबके लिए डीएफओ साहब ही थे... जगन्नाथ त्रिपाठी जी। दिखने में बेहद बुलंद, सेहतमंद, सुंदर। मेरी मसें भीग रही थीं, मूंछ हल्की-हल्की ही आई थी और वे भरे-पूरे बुजुर्ग थे। बोलते और मुंह से मिसरी फूटती – ये उपमा ग़लत नहीं है, एकदम सटीक और सही है। वे उन दिनों `पलाश' शीर्षक से एक प्रतिनिधि संकलन या कि कहें पत्रिका प्रकाशित करने की जद्दोज़हद में थे। प्रकाशन कितना दुष्कर और तकरीबन `थैंकलेस’ होता है - इसका पहले-पहला एहसास तभी हुआ था। एक गोष्ठी में मिले या फिर किसी कवि परिचित के साथ उनके घर गया था – ठीक-ठीक याद नहीं आता – पर मिलना हो गया था। बेहद आत्मीयता के साथ हाथ मिलाया था। पूछते हुए, कुछ-कुछ चुटकी लेते हुए, हंसकर - कविता लिखते हैं आप...? तो फिर सुनाइए। मुक्तछंद कविताएं याद तो रहती नहीं हैं, सो एक तुक वाली ही सुना दी थी – ज़िगर जिगर में बसे इस तरह, जिगर से उनकी याद न जाती। वो हंसे नहीं थे, पर स्मित हास्य होंठों पर था।

कविता से अलग, कविता की सारी बातें बता दी थीं उन्होंने उस शाम। कौन-सा शब्द कहां हो, क्यों हो, कितना हो, उसके भाव क्या हैं, अर्थ क्या हैं, जरूरत क्या है, परंपरा क्या है, इतिहास क्या है... पहली बार सुनी थी इतनी अंतरंगता से कही गई, बयां हुई भाषा की बात।

लिखने-पढ़ने वाली, मेरी उम्र की पीढ़ी त्रिपाठी जी को भाषाविद् के रूप में ज्यादा पहचानती है पर मैं उन्हें देखकर सोचता रह गया - इस उम्र में भी स्टूडेंट की तरह हैं ये तो! हर शब्द को लेकर उनकी उत्सुकता, इच्छा, कौतूहल, उसके आदि से अब तक के परिवर्तनों पर निगाह – इतनी सुरुचि, ऐसी तल्लीनता बिरले ही दिखती है। कृष्णनंदन तिवारी नंदन बेहद सौम्य-सरल और उतने ही मधुर कवि हैं। त्रिपाठी जी और वे देर तक चर्चा करते। इस बीच शिवाकांत मिश्र विद्रोही, झंझट जी आदि विभिन्न कवियों का जमावड़ा उनके जेल रोड के पास वाले घर में होता रहता।

मैं भी अक्सर पहुंचता। कुछ दिन बाद अघोषित तौर पर मैं `पलाश’ का सहयोगी हो गया था। नेह-दुलार और अच्छा-सा चाय-नाश्ता, जो उन दिनों बड़े आकर्षण का केंद्र था – गटकते हुए कविताओं से सजी-सुलझी शाम गुजरती जाती। ये दौर बहुत लंबा नहीं था। बाद के दिनों में मेरी पढ़ाई-लिखाई लुढ़कती-बढ़ती रही और फिर रिज़क कमाने के वास्ते शहर ही छूट गया। डीएफओ साहब ने `पलाश’ प्रकाशित कर दिया। बहुत-से लोगों ने तारीफ की। उनने भी, जो पहले इस काम में निंदा-रस के चटखारे लेते रहते थे। सुना कि त्रिपाठी जी पलाश को नियमित करने में जुटे थे। बाद में ख़बर नहीं मिली कि क्या हुआ!

वे दोस्त नहीं थे। रिश्तेदार भी नहीं। कम-अज-कम मैंने ब्राह्मणों वाली परंपरा में घुसकर किसी रक्त-संबंध की टोह-बीन नहीं की। त्रिपाठी जी हम उम्र भी नहीं थे, पर इतने अजीज लगे थे कि उन शामों का स्वाद अरसे बाद भी नहीं भूल सका हूं। आज के दौर में, जब लिखना-पढ़ना कारोबार हुआ जाता है, उदास रात के साए में खुशग़वार बना वो घर बहुत याद आता है। वहां सचमुच शब्द अर्थवान थे। त्रिपाठी जी कितने अच्छे कवि, लेखक थे – इस बारे में टिप्पणी समय देगा, पर वे एक बेहद सुंदर, सजग, कई बार अडिग भाषाप्रेमी और साहित्य के आशिक जरूर थे... और उससे भी आगे एक मुकम्मल इंसान भी। कभी, किसी वक्त, जब भाषा को लेकर बहसें करता हूं, तो वे याद आते हैं – कहते हुए, शब्द सीमित हैं। इन्हें सोच-समझ कर काम में लाइए। परंपरा है कि कोई न रहे तो उसकी इज्जत की जाती है, डीएफओ साहब के बारे में ऐसा सोच पाना भी मेरे लिए मुमकिन नहीं है। मैं उन्हें कोई श्रद्धांजलि दे ही नहीं पाऊंगा। लगता है, कुछ समस्या हुई, कोई बात-कोई शब्द-कोई एहसास समझ न आएगा तो उनके पास जाऊंगा, वे हंसते हुए अर्थों की झड़ी लगा देंगे। पर उससे भी पहले पूछेंगे – कुछ खाएंगे? चाय पी लेते है, फिर साहित्य चर्चा करेंगे। वे कहीं गए नहीं, इसीलिए यह संस्मरण नहीं, वे अब भी हैं साथ ही कहीं...।


Tuesday, December 18, 2012

मेरे पास मां है!

मेरा लिखा पहला नाटक, जिसका मंचन गोंडा में एक स्कूल के बच्चों ने कल किया... अच्छा लग रहा है :)

नाटककार – चण्डीदत्त शुक्ल

दृश्य-1

    एक मध्यवर्गीय परिवार के घर का ड्राइंगरूम... दीवारों पर कुछ वॉल पेंटिंग्स लगी हैं। कमरे में खाना खाने का भी इंतज़ाम है। एक तरफ टेबल रखी है, जिसके आसपास चार कुर्सियां लगी हैं। मेज पर कप, प्लेट्स और बाकी क्रॉकरी व कटलरी मौजूद है। कुर्सियां खाली पड़ी हैं। दाहिनी तरफ की विंग से एक शख्स की एंट्री। उम्र यही कोई 50 साल। फेल्ट हैट लगा रखी है। कोट, पैंट, टाई पहने हुए। होंठों में सिगार दबी है, पर जली नहीं। धीरे-धीरे चलते हुए वह मंच के बीचोबीच रुक जाता है। लाइट्स ऑफ। स्पॉट लाइट चेहरे पर पड़ती है। सिगार हाथ में लेता है।

व्यक्ति - क्या बेवकूफी है साहब। बल्कि यूं कहिए कि इससे बड़ी बेवकूफी और कुछ हो ही नहीं सकती। दस बजने को आए। दफ्तर जाने का वक्त हो गया और अब तक ड्राइवर नहीं आया। अजी, इसकी बात ही क्या करें। जैसी सरकार निकम्मी, वैसी ही पब्लिक भी...

    ड्राइवर की एंट्री...कास्ट्यूम ह्वाइट ड्रेस, ह्वाइट पैंट

ड्राइवर - नहीं सरकार। कहना ही है तो कहिए कि पब्लिक निकम्मी है, इसीलिए सरकार भी निकम्मी है। (एनाउंसमेंट वाली स्टाइल में), जरा सोचिए — जितनी मेहनत हम लोग टीवी के आगे रिमोट पर करते हैं, इतनी वोट वाले दिन कर दें तो क्या तमाम निकम्मे लोग हमारे नेता बनेंगे?

-- बैकग्राउंड से गाना बजता है...
मेरा गधा, गधों का लीडर…
(फिल्म - मेहरबान)।

    गाना चालीस सेकेंड्स तक चलता है, तभी एक मॉडर्न लेडी बाईं विंग से एंट्री लेती हैं। गाउन पहने हुए। एक हाथ में लिपस्टिक लिए हुए... हाथ से चेहरे पर पावडर सही करने की कोशिश कर रही हैं। मंच के बीचोबीच आकर रुकती हैं, फिर लिपिस्टिक लगाना शुरू करती हैं, तभी पहले से मौजूद व्यक्ति और ड्राइवर को देखकर –

लेडी - अरे महेंद्र, तुम यहां क्या कर रहे हो? पक्की बात है – पॉलिटिक्स-पॉलिटिक्स खेल रहे होगे। मेरी तो किस्मत ही फूट गई है।
(यह सुनकर ड्राइवर और महेंद्र, दोनों के चेहरे पर व्यंग्य भरी मुस्कान तैरने लगती है। दोनों एक-दूसरे को देखकर कुछ बुदबुदाते हैं)
लेडी – पहले पॉलिटिक्स, फिर ऑफिस, वहां से निकलकर घोड़ों पर दांव लगाने चले जाते हो और घर लौटते ही शेयर बाज़ार। कभी सोचा है कि मेरे भी कुछ अरमान हैं...

बैकग्राउंड से गाना बजता है...
हाय मैं का करूं राम मुझे बुड्ढा मिल गया
(फिल्म - संगम)।
    गाना चालीस सेकेंड्स तक चलता है... फिर fadeout हो जाता है। इस बीच महेंद्र कुछ बोलता है, जो भिनभिनाहट की तरह सुनाई देता है। कुछ भी क्लियर नहीं होता। गाना खत्म होते-होते महेंद्र की आवाज़ साफ़ सुनाई देने लगती है...

महेंद्र (दर्शकों से मुखातिब होकर) — इनसे मिलिए, ये हैं सुश्री, सौभाग्यवती, कलावती, सुशील महिला यानी लीलावती। अब लीला नाम कुछ-कुछ पौराणिक लगता है, पुराना दिखता है न, सो इन्होंने जस्ट चेंज के लिए रख लिया है – एलवी। और मैं भी इनके पति, महेंद्र पति से एमपी हो गया हूं। हा हा हा. (नकली हंसी हंसता है.)। खैर, एक बात तो बताइए, मुझसे मिलकर आपको कैसा लगा... मुझे तो आप सबसे मिलकर बहुत अच्छा लगा।

    सभी पात्र जब संवाद बोल रहे होंगे, तब मंच पर मौजूद अन्य लोग फ्रीज रहेंगे...। अपने संवाद बोलकर एमपी सेंटर में लौट जाएगा, बिना मुड़े। कदम-दर-कदम बैक होकर। नाटक में यह ध्यान रखना होगा कि दर्शकों को पीठ कभी न दिखाई जाए। बीच में जाकर वह एबाउट टर्न पोजीशन में ड्राइवर की ओर मुंह करेगा, सिगार तोड़कर फेंक देगा, तभी एलवी एक्टिव होती हैं, सेंटर में आकर खड़ी हो जाती हैं –

एलवी (दर्शकों से) – ये साहब मेरे पति हैं। ऐसे पति से निपत्ती रहना ठीक है। हां जी, निपूती वाला मुहावरा पुराना हुआ। ये पति तो चाय की पत्ती से भी गए गुजरे हैं। कितना भी उबाल लो, रंग नहीं छोड़ते। बस उबलते रहते हैं। दूध-आग-मेहनत सब बरबाद करो... स्वाद नहीं आने वाला। मेरी सोशल सर्विसेज को किटी पार्टी कहकर खुश होते रहते हैं। अब आप लोग ही बताइए – दो-चार सखियां कहीं मिलेंगी तो क्या बातें नहीं करेंगी? अजी, सुख-दुख, हाल-चाल। (वाल्यूम धीरे करते हुए) जब बात करेंगी तो थोड़ी कहानियां, किस्से होते ही हैं जी। कौन-कहां बिज़ी है... किसका कहां कैसा चक्कर है... खुद ही सोचिए – हम लोग दिन भर बोर होती हैं, कुछ गॉसिप न करें तो कैसे चले?

-- एलवी का डायलॉग पूरा होने से पहले ही एमपी और ड्राइवर परेड की स्टाइल में वहां से एक्जिट करने लगते हैं, तभी राइट विंग से किसी लड़की की आवाज़ आती है –

पापा, पापा... प्लीज़, रुकिए। मुझे आपसे कुछ डिस्कस करना है।

    एमपी और ड्राइवर एलवी के पास लौट आते हैं, एबाउट टर्न लेकर। अब तीनों बातें कर रहे हैं, लेकिन उनकी आवाज़ें नहीं सुनाई दे रही हैं। बैकग्राउंड से आवाज़ आती है, एक लड़के और एक लड़की की। यानी कैरेक्टर मंच पर दूसरे हैं और डायलॉग किसी और के --

लड़का – ओ नो, पापा फिर चले गए। अब तुम क्या करोगे स्वीटी?
लड़की – तुम्हें क्या? तुम तो पैसे मांगते हो तो पूरा एटीएम ही थमा देते हैं। मुझे पापा चाहिए, पैसे नहीं।

    ये दोनों संवाद तीन-चार बार रिपीट किए जाएं।

    बैकग्राउंड स्कोर – सात समंदर पार से, गुड़ियों के बाज़ार से... नन्ही सी गुड़िया लाना, चाहे गुड़िया न लाना, पापा जल्दी घर आना। 40 सेकेंड बजेगा। फेडआउट होता है, या फिर परदा गिरता है।

दृश्य-2

    परदा उठता है या फेडइन। कुर्सी-मेज हट चुकी है। एक आरामकुर्सी पर एक लड़की, अठारह साल उम्र, सिर नीचा किए रो रही है। बैकग्राउंड म्यूज़िक में शहनाई बजा सकती हैं। रोने की आवाज़ न आए तो अच्छा है। उसके ठीक पीछे एक लड़का, तकरीबन चौदह साल का, उसका सिर सहला रहा है।


लड़की – रोते हुए – नोज़ल साउंड – ब्रो, टेल मी. क्या मैं बुरी हूं?
लड़का – नो स्वीटी, यू आर सो गुड।
स्वीटी – देन ब्रो, पापा मुझे हग क्यों नहीं करते, ह्वाई ही आलवेज इग्नोरिंग मी... वो कभी पूछते तक नहीं कि स्वीटी बेटा, ह्वाट यू डूइंग नाउडेज़?
लड़का – सिस, सेम सिचुएशन हियर। तुमने कभी देखा है कि पापा ने दो मिनट भी मेरे साथ गुजारे हों। ही आलवेज बार्किंग... नो टीवी एनीमोर। बस... । हां, पैसे ज़रूर दे देते हैं, जितने मांगो, उतने।
स्वीटी – रमेश ... ये घर मुझे नर्क की तरह लगता है।
रमेश – स्वीटी सिस, प्लीज़, थिंक एबाउट मी। मैं तो आपसे चार साल छोटा हूं। आई वांट एक्स्ट्रा अटेंशन, एक्स्ट्रा केयर... पर न डैडी, न मॉम... किसी के पास मेरे लिए टाइम नहीं है।

    रमेश की बात सुनकर स्वीटी हंस पड़ती है –

स्वीटी – हां! तू तो न्यू बोर्न बेबी है न. डायपर पहनता है।

    दोनों हंसने लगते हैं। धीरे-धीरे हंसी की आवाज़ घुंघरुओं की खनखनाहट में बदल जाती है। पर्दा गिरता है।

दृश्य-3

    कमरे की साज-सज्जा बदल जाती है। अब कमरा रमेश का बेडरूम है। रमेश कुर्सी पर बैठा है और टेबल पर लैपटॉप रखकर मूवी देख रहा है। मंच पर काफी कम रोशनी है। लैपटॉप की लाइट में रमेश के फेसियल एक्सप्रेशन दिखाई देते हैं। वह कभी चौंक रहा है, कभी तनाव में है। रहस्यमयी म्यूज़िक बजेगा... हॉरर... और थ्रिलर...। एमपी की एंट्री। वह चुपचाप जाकर रमेश के बगल खड़ा हो जाता है और चिल्लाता है

एम पी – रमेश...रमेश...रमेश...

    आवाज़ कई बार गूंजती है। इसके साथ ही लाइट्स जल जाती हैं। तबले की गड़गड़ाहट, धीरे से तेज होती हुई। रमेश हड़बड़ाकर खड़ा हो जाता है।

एम पी – चिल्लाते हुए –  मैंने तुम पर भरोसा किया नालायक और तुमने ये सिला दिया। मैं और तुम्हारी मॉम सोचते हैं कि तुम पढ़ाई कर रहे होगे और तुम लैपटॉप पर...

    रमेश चुपचाप खड़ा है। माहौल में टेंशन क्रिएट करने वाला म्यूज़िक। बत्तियां लगातार जलने-बुझने लगती हैं। तकरीबन आठ सेकेंड। यकायक, फिर से सारी बत्तियां जल जाती हैं।

रमेश – पापा, आज आप मुझ पर तोहमतें लगा रहे हैं। मुझे भला-बुरा कह रहे हैं। आखिर, मैंने गलत क्या किया है? बस अपनी ज़िंदगी ही तो जीने की कोशिश कर रहा हूं। आप मुझसे बहुत सारे सवाल पूछ चुके हैं। मैंने अब तक आपसे कोई क्वेश्चन नहीं किया। क्या आप मेरे सवालों के जवाब देंगे?

    रमेश और एमपी फ्रीज हो जाएंगे। बाकी सभी कैरेक्टर्स की एंट्री होगी। रमेश और एमपी एक-दूसरे को देखते हुए खड़े हैं और बाकी सब कैरेक्टर्स रमेश व एमपी के डायलॉग बोल रहे हैं।

रमेश – आप तब कहां थे, जब मैं साइकिलिंग करते हुए गिर गया था और मुझे फ्रैक्चर हो गया था
एम पी – तब मैं मीटिंग्स अटेंड कर रहा था
रमेश – आप तब कहां थे पापा, जब मुझे आपकी सबसे ज्यादा ज़रूरत थी?
एम पी – तब मैं शेयर मार्केट में इन्वेस्टमेंट कर रहा था
रमेश – रोते हुए – पापा, आप तब कहां थे, जब मैं फ़ेल हो गया था?
एम पी – तब मैं रेसकोर्स में था। हां, बाद में मैंने तुम्हें डांटा तो था...

    रमेश और एमपी के अलावा, बाकी कलाकार संवाद दोहराते हुए तेज़ गति से मंच से बाहर हो जाएंगे। रमेश और एमपी अब चिल्ला रहे हैं। दोनों के संवाद साफ नहीं सुनाई दे रहे हैं। यकायक, एमपी चिल्लाते हुए –

एम पी – अगर तुम्हें मनमानापन करना है तो मेरे घर से बाहर निकल जाओ। मैं तुम्हें अपनी पूरी जायदाद से बेदखल करता हूं।

    बैकग्राउंड में मदर इंडिया का गीत बजेगा – पी के घर आज प्यारी दुल्हनिया चली... ये केवल सेटायर के लिए है। 40 सेकेंड तक प्ले। एक तरफ रमेश एक्जिट कर रहा है और वह मंच की पूरी परिक्रमा करते हुए बाहर निकलेगा। मंच के बीचोबीच एम पी अकेले खड़ा है, तभी उसे कई लोग आकर घेर लेते हैं। कोई शेयर के दस्तावेज लिए है, किसी के हाथ में ब्रीफकेस है। थोड़ी देर बात करने के बाद वे विपरीत दिशा से एक्जिट कर जाते हैं और रमेश दूसरी ओर से। जब सब निकल जाते हैं तो तेज गति से स्वीटी मंच पर आती है और भइया-भइया, ब्रो...लिसेन...लिसेन...डोंट गो अवे कहती हुई वह भी एक्जिट कर जाती है।

दृश्य-4

    मंच खाली पड़ा है। कोई कुर्सी-मेज भी नहीं। एक तरफ की लाइट जल रही है। शेष मंच पर अंधेरा है। एक अधेड़ इंसान एंट्री करता है। उसका ड्रेसअप इंट्रेस्टिंग है। ऊपर कोट, नीचे धोती। कोट में टाई लगा रखी है और गले में गमछा डाल रखा है, जो थोड़ा नीचे बंधा होगा, ताकि टाई दिखती रहे। ये नाटक का सूत्रधार है

सूत्रधार – नमस्ते, हाय हैलो, सलाम, प्रणाम। फ्रेंड्स मैं हूं राम के. राम यानी राम, और के से कन्हाई। मैं वैसा ही हूं, जैसा कि है आपका मध्यवर्ग, यानी बीच की दुनिया। न ऊंचे हैं पैसे से, न निचले स्तर पर हैं। न ज्यादा पढ़े, न अनपढ़। खोखली सोच, खोखली उड़ान वाले लोग। हम सब बीच के लोग हैं, जिनके पास बहुत-से सपने हैं, लेकिन उनके लिए ज़मीन नहीं... हम सनक की हद तक अपने बच्चों को डॉक्टर, इंजीनियर बनाने में जुट जाते हैं... और ये सोचते ही नहीं कि उन बच्चों को मां-बाप का थोड़ा-सा वक्त चाहिए, थोड़ी-सी गाइडेंस चाहिए।

    इतना संवाद बोलकर सूत्रधार मंच के एक कोने में रुक जाता है। फ्रीज।
    दूसरी विंग से एलवी की एंट्री होती है। उनके साथ उनके ही एज ग्रुप की तीन महिलाएं और हैं। एक महिला न्यूज़पेपर से खुद को पंखा कर रही है।

महिला -1 – उफ़, ओ गॉड. कितनी गर्मी है। पसीना रुक ही नहीं रहा। सुबह को डियो लगाओ, शाम तक सब गायब हो जाता है।
महिला – 2 – ऊपर से ये कमली तो डेंगू मच्छर हो गई है। सिर्फ खून चूसती है। हफ्ते में तीन दिन आती है और चार दिन गायब। अब सुबह-सुबह उठकर बर्तन धुलो...
महिला – 3 – ओ हो नाज़ुक कली... मिसेज सॉफ्टी. डिश वॉशर से बर्तन धुलने में भी आपकी कमर लचक जाती है।
एल वी – यार आप लोग न झगड़ो नहीं... रमेश पता नहीं कहां है, मुझे टेंशन हो रही है, लेकिन आप लोगों से कमिट किया था किटी के लिए, सो मैं प्रेजेंट हूं। देखिए, आज ही प्लान कर लीजिए कि न्यू इयर कैसे सेलिब्रेट करेंगे। मैं तो कहती हूं कि सोनू निगम को ही मेन सिंगर बुलाते हैं पार्टी में...

    मंच के कोने से सूत्रधार बीच में आ जाता है। एलवी और उनकी सहेलियां फ्रीज हो चुकी हैं। सूत्रधार आगे कहता है –

सूत्रधार – ये रमेश की मां हैं। सोशल वर्कर। हरदम बिज़ी रहती हैं। अपने जैसी महिलाओं का दुख दूर करने में। इनका सबसे बड़ा दुख है कि वेट बढ़ गया है और इनके हबी... ओ-ओ- आप समझे नहीं... हस्बैंड, इनका ध्यान नहीं रखते, अटेंशन नहीं देते। इन्हें बच्चों की चिंता नहीं है। वे क्या कर रहे हैं, लिख-पढ़ रहे हैं, कहां हैं और कहां नहीं। इन्हें कैसे बताएं कि हरे-भरे खेत सबको अच्छे लगते हैं, लेकिन पहले उनकी जुताई करनी पड़ती है, बीज रोपना होता है और फिर करनी होती है सिंचाई।

    पार्श्व से आवाज़ आती है – सभी कैरेक्टर्स की आवाज़ में...
बीज रोपना पड़ता है... करनी होती है सिंचाई
ये लाइन तीन-चार बार रिपीट होती है।

सूत्रधार – प्यारे दर्शकों, रमेश की मां को चिंता नहीं है कि उनका बेटा कहां होगा। उनके पापा भी बहुत बिज़ी हैं... आपके पास तो वक्त है न... आइए, आपको लिए चलते हैं रमेश के पास।

    लाइट्स आफ होती हैं... पर्दा गिरता है...

दृश्य-5

    एक टूटी खाट बिछी है। खाट के अगल-बगल बोरे लटके हैं। लकड़ी के स्टैंड पर। यहीं रमेश मैली चादर ओढ़कर बैठा है। वह सर्दी से कांप रहा है। एक किनारे ज़मीन पर मैली-कुचैली कमीज पहने एक बूढ़ा बीड़ी जलाने की कोशिश कर रहा है। बार-बार बीड़ी जलाता है। धुआं खींचता है और फिर खांसता है। बीड़ी जली नहीं है। आखिरकार झल्लाकर बीड़ी फेंक देता है...

बूढ़ा – ये ससुरी बीड़ी भी किस्मत की तरह है। जब चाहो, तब नहीं जलती। बाकी टाइम धुकधुकाती रहती है। तू क्यों कांप रहा है रे बेटा। सर्दी लग रही है क्या?

    एक विंग से बुढ़िया की एंट्री। शक्ल से ही झगड़ालू लग रही है। धोती पहने है।

बूढ़िया – अरे नासपीटे, तू न मरेगा, न घर खाली करेगा। जब देखो, तब बैठा-बैठा बीड़ी पीता रहता है। यह भी नहीं होता कि चार गट्ठर घास ही काट लाए। कम से कम एक जून की रोटी का तो जुगाड़ हो।

बूढ़ा – अरे चुड़ैल, चुप कर। जब देखो, गिटर-पिटर करती रहती है। कभी तो एक घड़ी शांति से बैठ जाया कर। सारी ज़िंदगी तुझे झेलते हुए बीत गई। अंतिम दिन तो भगवान का नाम लेने दे।

बुढ़िया – हां, बीड़ी में भगवान छिपे हैं न.... कहते-कहते रमेश की ओर देखती है – अरे, बबुआ के तो सर्दी लग रही है... जल्दी जाओ ... कुछ दवा-दारू लेकर आओ।

    बूढ़ा अपनी कमीज की सब जेबें झाड़कर देखता है, फिर उदासी के साथ बुढ़िया को देखता है। उसे कुछ कहता न पाकर थके कदमों से बाहर निकल जाता है। बुढ़िया और रमेश फ्रीज हो जाते हैं। सूत्रधार की एंट्री –

सूत्रधार – नहीं साहब, आप लोग परेशान न होइए। ये रमेश ही है, बस आप इसे पहचान नहीं पा रहे। भूख-थकान और चिंता का बोझ किसे नहीं मार देता है। नाज़ुक रमेश भी रोटी और तकलीफ का बोझ नहीं उठा पाया... बीच रास्ते में गिर गया ... ये तो भला कहिए बूढ़े रामधनी का, जो इसे अपने घर उठा लाया। दो दिन तक रमेश ने ज़ुबान न खोली, आज ही होश में आया है। रामधनी और उसकी बुढ़िया के पास दो वक्त की रोटी खाने के लिए पैसे नहीं हैं, अब एक पराए इंसान के लिए वो दवा कहां से लाए... ख़ैर, सुना है कि रमेश के पापा उसे ढूंढते हुए इधर ही आने वाले हैं... देखते हैं, आगे क्या होता है?

Lights off


दृश्य-6

    रामधनी का वही घर। रमेश और बुढ़िया कुछ बातें कर रहे हैं। आवाज़ सुनाई नहीं देती। तभी एक विंग से रामधनी की एंट्री होती है। रामधनी चारपाई के पास पहुंचता है। बुढ़िया को दवाइयां देता है और खुद चक्कर खाकर चारपाई पर लुढ़क जाता है। बुढ़िया चीखती है –

बुढ़िया – तुम दवाई कहां से लाए?  तुम्हारे पास तो पैसे थे ही नहीं। क्या फिर से अपना खून बेच दिया?

बूढ़ा – रामधनी, इंसान ज़िंदा रहेगा तो और खून बना लेगा। देख रही हो, ये छोटा-सा बच्चा बुखार में तप रहा है। पता नहीं किसकी फुलवारी का फूल है। बेचारा सड़क पर पड़ा तड़प रहा था। बेहोश था। पापा-पापा बुलाता हुआ। कोई न आगे, न पीछे। मुझसे रहा नहीं गया। मैं इसे उठा लाया। मैं निपूता था अब तक, तू भी निपूती। देख, हमें बच्चा मिल गया। हम इसे पालेंगे-पोसेंगे, बड़ा करेंगे। ब्याह करेंगे इसका। तू सास बनेगी...

बुढ़िया ... सिसकते हुए ... तुम ख्वाब बहुत देखते हो... बुढ़ा गए पर अकल न आई। कभी किसी और का बच्चा अपना हुआ है क्या? हां, हम अपना फर्ज पूरा करेंगे... पर हमारी किस्मत में औलाद कहां। होती तो भगवान न देता क्या?

रमेश उन्हें आंखें फाड़कर देख रहा है। वह चीख पड़ता है –

रमेश – बापू, बापू... ये तुमने क्या किया? न कोई जान, न पहचान, मुझे बचाने के लिए अपना खून बेच डाला... उफ़, आपको ये क्या हो गया।
(मुड़कर बुढ़िया से)
मां... तुम मेरी मां हो, मेरे पास मां है। मैं अकेला नहीं हूं...।


    दूसरी विंग से एमपी व एलवी की एंट्री...

एल वी – रमेश, तुम पागल हो गए हो क्या... ये बुढ़िया तुम्हारी मां नहीं है। मैं हूं तुम्हारी मॉम...।

रमेश – हां, आप मॉम हैं और ये मेरी मां।

एम पी – मेरे पास क्या नहीं है। मोटर है, बंगला है, गाड़ी है... इसके पास क्या है...?


    बैकग्राउंड से दीवार फ़िल्म का डायलॉग गूंजता है – मेरे पास बंगला है, मोटर है, गाड़ी है...

रमेश – इस बूढ़े, लाचार, गरीब इंसान को देखकर रहे हैं मिस्टर महेंद्र पति। इसके पास दिल है। जीने का जज्बा है। किसी इंसान के लिए अपना सब कुछ लुटा देने वाली सोच है। ये पैसों के पीछे नहीं भागता। इसके लिए सबसे ज़रूरी प्यार है और इसके लिए ये अपना खून तक बेच देता है। और मॉम, आप इस देवी को बुढ़िया कहकर अपमानित कर रही हैं, सुनिए... हज़ारों रुपए की क्रीम लगाकर भी आपके चेहरे की चमक नहीं लौट सकती, लेकिन गौर से देखिएगा... इस औरत के चेहरे पर प्यार की कैसी आभा चमक रही है। मॉम ये मां है... किसी पराए इंसान के बच्चे को भी अपने गले से लगा लेती है... पापा, ये दौलत इन लोगों के पास है और आप जानना चाहते हैं, मेरे पास क्या है? – मेरे पास मां है... मेरे पास मां है...।

पर्दा गिरता है।



Saturday, December 8, 2012

हे आमिर! उल्लू नहीं है पब्लिक

ज़रूरी सलाह बनाम खीझ

- चण्डीदत्त शुक्ल

आमिर खान साहेब नहीं आए। बुड़बक पब्लिक उन्हें `तलाश' करती रही। सिर्फ पब्लिक नहीं, बांग्ला मिजाज़ में कहें तो भद्रजन भी। पुलिसवाले और लौंडे-लपाड़ियों के अलावा, शॉर्ट सर्विस कमीशन टाइप पत्रकार, रिक्शा-साइकिल-मोटरसाइकिल स्टैंड वाले भी। चौंकिएगा नहीं, शॉर्ट सर्विस बोले तो कभी-कभार ये धंधा कर लेने वाले। एक यूनिवर्सिटी में इंजीनियरिंग पढ़ने वाले तमाम सत्रह-अठारह साल के छोरे-छोरियां पूरा का पूरा विश्वविद्यालय बंक करके उस भुतहा बस्ती में बिचर रहे थे। पहले उछलते-कूदते, फिर एक ग्लास पानी के लिए छुछुआते हुए। जयपुर से कुल जमा सौ किलोमीटर के इर्द-गिर्द ही पड़ता है भानगढ़। इंटरनेट पर सर्च को रिसर्च नाम देने वाले जानते ही होंगे कि इस कसबे को लेकर तरह-तरह की अफवाहें जोर-शोर से सामने आई हैं, इतनी ज्यादा, जितने `भूत' न रामसे ब्रदर्स की फिल्मों में होंगे, न कहानियों में। चुनांचे, बात बस इतनी भानगढ़ को लेकर दो बातें सबसे ज्यादा चलन में हैं, पहली – एक तांत्रिक की बद्दुआ से भानगढ़ उजड़ गया और दूसरी ये कि सांझ ढलते ही यहां भूतों का बसेरा हो जाता है, इसलिए उजड़े हुए कसबे के गेट बंद कर दिए जाते हैं। परिंदा और जानवर भले हाथ-पैर-मुंह मारें, पर जीता-जागता आदमी चौहद्दी में कदम नहीं रख सकता।

ख़ैर, आप भी सोच रहे होंगे, ये आदमी अक्ल से पैदल है क्या, बात शुरू की थी आमिर खान साहेब से और लौंडे-लपाड़ियों का जिक्र करते हुए भूतों तक जा पहुंचा, तो साहबान सिरा यहीं जुड़ता है, वह इसलिए कि इसी भानगढ़ की `विजिट' करने का दावा आमिर, या कि उनके प्रचारकों ने किया था और ये बात पब्लिसिस्टों से होती हुई ख़बरचियों और फिर अख़बारों तक जा पहुंची, सो भानगढ़ में पब्लिक जुटनी लाजिम थी, लेकिन न आना था उन्हें और न आए वो, यानी अपने आमिर! अब ख़बर पढ़कर आमिर का इंटरव्यू करने की ख़्वाहिश से जो हम सब दल-बल समेत भुतहा बस्ती में हाजिर हुए तो आमिर न मिले पर मिले केवड़े के पेड़, काले मुंह वाले बंदर और कई ऐसे किस्से, जो बता रहे थे कि भानगढ़ में कुछ और हो न हो, भूत तो एक भी नहीं हैं। हां, जितनी ज़ुबान, उतने अफसाने भी, सो यह समझाने वाले भी कई निकले कि उनने भूत तो देखा है, लेकिन लेडीज़, यानी चुड़ैल।

हालांकि भूत और भानगढ़ और वहां की घुमाई-टहलाई के यात्रा वृत्तांत, संस्मरण और यादनामा तो फिर कभी लिखा जाएगा, आज का सवाल ज्यादा इंप्वार्टेंट है, जिसे हल करने पर केबीसी की ईनामी राशि भले न मिले पर एक बात तो जोर-शोर से समझ में आएगी ही कि आमिर ज्यादा सयाने हैं, या पब्लिक (जिसमें हम भी शामिल हैं) अधिक बुड़बक है? सब जानते हैं कि आमिर अपनी फ़िल्मों के प्रमोशन-पब्लिसिटी के लिए सारे करम कर डालते हैं। हमारे इलाके की भाषा में कहें तो ... से घोड़ा खोल देते हैं (इस ट्रिपल डॉट ... में देह के एक विशेष अंग का नाम नहीं भरा गया है। सयाने लोग खुदै बूझ लें)। जितनी बार, जिस-जिस किस्म की फ़िल्म बना ली, उसे रिलीज़ करने से पहले और बाद में तरह-तरह के भेष बनाकर घूमे। हर बार चैलेंज किया -- है किसी में दम तो पकड़ के दिखावे। नकद ईनाम देंगे। फोटू-शोटू साथ में खिंचवाएंगे और, और भी किसिम-किसिम की बात, पर कोई पकड़ न पाया। भांप न पाया कि दाढ़ी बढ़ाए, अचकन संभालते बगल से जो फट्ट से निकले, वो मुल्ला जी और कउनो नहीं, अपने आमिर खान हैं। आमिर न हुए, डॉन हो गए, जिसे पता नहीं कितने तो मुल्कों की पुलिस भी पकड़ नहीं पाती। अब वही खान साहेब जब हो-हल्ला करके, ख़बर छपवाके भी भानगढ़ नहीं आए तो फिर से समझ में आया कि कहीं हाजिर होके तो कहीं गैर-हाज़िर रहके उल्लू बनाना खान साहेब का शौक नहीं, एक और पब्लिसिटी स्टंट है।

आमिर साहेब, आपसे बस कहनी एक बात है कि पुलिस-पत्रकार-पब्लिक – सबसे आपने अपनी तलाश तो करवा ली, लेकिन ये सब ज्यादा काम आता नहीं है। हो सके तो कहानी सेलेक्शन, एक्टिंग और डायरेक्शन – जिसके लिए बेसिक तौर पर आपकी पहचान होती रही है – पर ही ज्यादा ज़ोर लगाइए, मैनुपुलेट करके मार्केटिंग के चक्कर में अगर आप पब्लिक को ऐसे उल्लू बनाते रहे तो देखिएगा – एक दिन आप सनीमा हाल में बैठे रह जाएंगे और पब्लिक आपकी ही तरह फुर्र हो जाएगी, फिर बजाते रहिएगा हरमुनिया।


Sunday, December 2, 2012

इस सदी की निहायत अश्लील कविता


- चण्डीदत्त शुक्ल @ 08824696345

*

जरूरी नहीं है कि,
आप पढ़ें
इस सदी की, यह निहायत अश्लील कविता
और एकदम संस्कारित होते हुए भी,
देने को विवश हो जाएं हजारों-हजार गालियां।
आप, जो कभी भी रंगे हाथ धरे नहीं गए,
वेश्यालयों से दबे पांव, मुंह छिपाए हुए निकलते समय,
तब क्यों जरूरी है कि आप पढ़ें अश्लील रचना?
यूं भी,
जिस तरह आपके संस्कार जरूरी नहीं हैं मेरे लिए,
वैसे ही,
आपका इसका पाठक होना
और फिर
लेखक को दुत्कारना भी नियत नहीं किया गया है,
साहित्य के किसी संविधान में।
यह दीगर बात है कि,
हमेशा यौनोत्तेजना के समय नहीं लिखी जातीं
अश्लील कविताएं!
न ही पोर्न साइट्स के पेजेज़ डाउनलोड करते हैं,
स्खलित पुरुषों के थके हाथ।
कई बार,
भूख से बोझिल लोग,
पीते हैं एक अदद सिगरेट
और दुख से हारे मन,
खोजते हैं शराब में शांति।
ऐसे ही,
बहुत पहले बताया था,
धर्म के एक पुराने जादूगर ने,
संभोग में छिपे हैं
शांति और समाधि के मंत्र।
उन तपते होंठों में,
फंसाकर अपने प्यासे लब,
`वह' भी तो हर बार नहीं तलाशता,
काम का करतब।
कभी-कभी कुछ नम, कुछ उदास,
थके हुए थोड़े से वे होंठ,
ले जाते हैं मेडिटेशन-मुद्रा में।
मंथर, बस मुंह से मुंह जोड़े
कुछ चलते, कुछ फिरते अधर...।
कोई प्रेमी क्यों चूमता है अपनी प्रेयसी को?
प्रेयसियां आंखें मूंद उस मीठे हमले की क्यों करती हैं प्रतीक्षा?
इन कौतूहलों के बीच, सत्य है निष्ठुर --
पुरुष का सहज अभयारण्य है स्त्री की देह
और
मैथुन स्वर्गिक,
तब तक,
जिस वक्त से पहले मादा न कह दे,
तुम अब नर नहीं रहे
या कि
मुझे और कोई पुरुष अच्छा लगता है!
एक पहेली हल करने के लिए ज़िलाबदर हो गए हैं विक्रमादित्य
और तड़ीपार है बेताल,
जिसे दुत्कारते हैं तमाम पंडित
नर्क का द्वार कहकर,
उसमें प्रवेश की खातिर,
किसलिए लगा देते हैं,
सब हुनर-करतब और यत्न?
औरत की देह जब आनंदखोह है
तब
वह क्यों हैं इस कदर आपकी आंख में अश्लील?


*

कलाकृति - Jose Rivas

Thursday, August 16, 2012

मन की मौज में न भूलें आजादी के मायने

दैनिक भास्कर के संपादकीय पृष्ठ पर प्रकाशित आलेख

चण्डीदत्त शुक्ल | Aug 15, 2012, 00:10AM IST
  गांव के एक काका की याद आ रही है। रिश्तेदारी का ख्याल नहीं। शायद पुरखों की पट्टीदारी का कोई छोर जुड़ता होगा उनसे, पर हम सब उन्हें काका, यानी बड़े चाचा के बतौर ही जानते-पहचानते और मान देते। काका का असल नाम भी याद नहीं पड़ता। बच्चे-बड़े सब उन्हें मनमौजी कहते। मनमौजी का मतलब मस्त-मौला होने से नहीं था।

काका निर्द्वद्व, नियंत्रण के बिना, इधर-उधर घूमने वाले, दिन भर ऊंघने और शाम को चौपाल में बैठकर नई पीढ़ी को गालियां देने वाले सनकी बुजुर्ग थे। यानी मौज की खातिर जीने वाले। कोई कहता- काका! कुछ काम-धाम करो। तो वह टोकने वाले पर ही पिल पड़ते, 'तुम्हारी तरह थोड़े हैं कि घर में खाने को ठीक नहीं है। बाप-दादा कमाकर रख गए हैं। हम तो मौज उड़ाएंगे। घर में काकी भी ऐसी मिल गईं, जो कुछ कहती-सुनती नहीं थीं। उम्र के आखिरी दिनों में जरूर काका को सद्गति प्राप्त होने से ऐन पहले सद्ज्ञान मिल गया था। बहुत बीमार थे। अक्सर समझाते - बेटवा, पढ़-लिख लो। ये जो आजाद घूमते रहते हो, यह सब काम नहीं आएगा। विद्या और संस्कार ही आगे तक साथ देते हैं।

अब मनमौजी काका तो रहे नहीं। वे कोई बड़े सूरमा-खलीफा या सेलिब्रिटी भी नहीं कि उनकी चर्चा की जाए, सो आप सोचेंगे कि इतनी जगह उनके बयान में बर्बाद क्यों की गई। बहरहाल, इसकी भी वजह है। मनमौजी दरअसल, एक आदमी का नाम भर नहीं है। यह स्थिति अपनी जिम्मेदारी भुलाकर सिर्फ मस्त रहने, अपने मन का करने की प्रवृत्ति भी हो जाती है और तभी इसके खतरे सामने आते हैं। आज आजादी का दिन है। स्वाधीनता दिवस को हम एक और छुट्टी मान बैठते हैं, तो क्या हम भी मनमौजी काका ही नहीं बनते जा रहे? शायद हम भूल गए हैं कि आजादी का एक पर्याय स्वतंत्रता भी है, यानी अपने लिए, अपना तंत्र। एक अनुशासन, जो बताता है कि अगर हमें कुछ अधिकार मिले हैं तो उनके बरक्स कुछ जिम्मेदारियां भी हैं।

बचपन में जश्न-ए-आजादी मनाने के लिए हम सब बच्चे गांवभर में घूम-घूमकर चंदा इकट्ठा करते। छोटे-छोटे डंडों पर झंडे लगाकर भारत माता की जय के नारे लगाते। यह अहसास अंदर से होता था कि देश आजाद है और उसका उत्सव महज रस्म-अदायगी नहीं है। होली-दिवाली की तरह जरूरी है। पर अब क्या? एक अदद छुट्टी, स्कूलों में लड्डू और सभागारों में कुछ और नारे.. बस!

तीन रोज पहले की बात है। भोपाल में आयोजित एक मीडिया चौपाल में शामिल होने पहुंचा था। इसमें आजादी को अधिकार मान लेने और कोई तंत्र न विकसित करने की बात यकायक शुरू हो गई। बात छोटी-सी है, पर उसके मायने बड़े हैं। एक साथी ने कहा 'सोशल कम्युनिटीज पर जिसका, जो मन करता है, वह लिख देता है।' कुछ ब्लॉगर चिढ़ भी गए, पर बात तो सही है। अगर आपको एक प्लेटफॉर्म मिला है तो उसका इस्तेमाल करते समय दूसरों के हितों, भावनाओं और अपनी बात की गरिमा की चिंता करनी ही चाहिए।

यह तो सिर्फ एक उदाहरण है। पहलू हजार हैं और सबके सब विचारणीय। देश बदलने की बात तो बड़ी है, लेकिन गौर कीजिए, क्या हम सब अपने आपमें मनमौजी बनते नहीं जा रहे हैं? बहुत पुराना शेर है- हजारों साल नरगिस अपनी बेनूरी पर रोती है। बड़ी मुश्किल से होता है चमन में दीदावर पैदा। हम इस बात को समझें कि आजादी हमें बैठे-बिठाए नहीं मिल गई। हमारे पास अपना तंत्र तो है, लेकिन क्या उसके लिए जरूरी सम्मान और हां, आवश्यक प्रयास हमारे अंदर हैं? क्या हम देश की अस्मिता बढ़ाने के लिए कुछ करते हैं? बात थोड़ी कड़वी है, लेकिन बेहद जरूरी है, समझने वाली है।

Tuesday, July 24, 2012

एक उदास कविता

एक उदास कविता

सबसे बुरा है
उस हंसी का मर जाना
जो जाग गई थी
तुम्हारी एक मुस्कान से.

जमा हुआ दुख
पिघला,
आंख से आंसू बनकर,
तुमने समेट ली थी
पीड़ा की बूंद
अंगुली की पोर पर.

वह सब मन का तरल गरल
व्यर्थ है अब,
जैसे लैबोरेट्री की किसी शीशी में रखा हो
थोड़ा-सा निस्तेज वीर्य, ठंडा गाढ़ा काला खून
या देह का कोई और निष्कार्य अवयव।

खिड़कियों के बाहर
कुछ दरके हुए यकीन लटके हैं
चमगादड़ों की तरह बेआवाज़
शोर करते हैं
झूठे वादे।

कविताएं सिर्फ गूंज पैदा करती हैं
नहीं बदलतीं किस्मत
जैसे कि
प्रेम का लंगड़ा होना
उससे पहले से तय होता है,
जब पहली बार वह भरता है,
दो डग हंसी की ओर।

चलती रहती है
इश्क की सांस
तब
मन के उदर में पलता है कविता का भ्रूण
और खा जाता है एक दिन
वही कोमल एहसास
इच्छा का राक्षस।

ढल जाता है साथ देखा गया ठंडा चांद
गमलों के इर्द-गिर्द उगती रचनाएं
कुम्हलाई पत्तियों की राख में हैं पैबस्त
एक उदास आदमी चीखता हुआ कोसता है खुद को
कहते हुए,
क्यों नहीं है मेरे प्रेम में ताकत?
कैसे घुल-सी गई एक बार फिर
`सुनो, मेरी आवाज़ सुनो' की पुकार!

कौन बताए,
प्रेम का सूरज अस्त होने के लिए ही उगता है
कभी नहीं रुकता कोई
सिर्फ प्रेम के लिए,
प्रेम के सहारे।

प्रेम की कहानियां
इच्छाओं के लोक में
बेसुरी फुसफुसाहट से ज्यादा औकात नहीं रखतीं।

विरह मिलन से बड़ा सत्य है
और बेहद खरी गारंटी भी
जिसके साथ धोखे की रस्सी से बुने कार्ड पर लिखा है-
टूटेगा मन, जो जोड़ने की कोशिश की।

बहुत पहले,
नाज़ुक हाथों को थामकर
लिखी थी एक गुननुगाहट,
पाखंड के
साइक्लोन ने
ढहा दिया रेत का महल।

समंदर किनारे प्रेम की कब्र बनती है,
ताजमहल हमेशा नवाबों के हिस्से आते हैं।
आज राजा
अंग्रेजी बोलते हैं,
चमकते अपार्टमेंट्स में होता है उनका ठिकाना
वहीं ऊंची बिल्डिंगों के बाहर,
कूड़ेदान के पास पॉलीथीन में लिपटे रहते हैं
कुछ सच्चे चुंबन, चंद गाढ़े आलिंगन और हज़ारों काल्पनिक वादे!


निर्लज्ज हंसी और बेबस आंसुओं
अपने लिए गढ़े नए नियमों,
दुत्कारों और आरोपों,
गाढ़े धूसर रंग की शिकायतों
और इन सबके साथ हुए असीम पछतावे के साथ
सब कुछ भले लौट आए
पर नहीं वापस आता,
राह भटका हुआ विश्वास।
छलिया आकाश ने निगल लिया है
एक गहरा साथ!
लुप्त हुई नेह की एक और आकाशगंगा,
प्रेम से फिर बड़ा साबित हुआ,
उन्माद का ब्लैकहोल!

प्रेम की अकाल मृत्यु पर आओ,
खिलखिलाकर हंसें।
हमारे काल का सबसे शर्मनाक सत्य है
मन की अटूट प्रतीक्षा से बार-बार बलात्कार।
कहने को प्रतीक्षा भी स्त्रीलिंग है,
लेकिन उससे हुए दुष्कर्म की सुनवाई महिला आयोग नहीं करता।

Wednesday, June 27, 2012

एक अकेला मैं ही काफी नहीं हू क्या?

महकता है चंदन हर ओर
नहीं है भोर भी,
कि कोई पुजारी तैयार कर रहा हो लेप
देवि या देव के अभिषेक की ख़ातिर।
तुम फिर ठहरकर मेरे घर के बाहर,
जोर से उसांस लेकर चली गई हो कहीं?
सुनो वसंत,
माफी के काबिल नहीं है,
मौसमों के कालचक्र में हेर-फेर की तुम्हारी साज़िश।
ऐन दोपहर में,
जब लंच टाइम होकर गुजरा है,
लोग दफ्तरों में कामकाज के लिए फिर हो रहे हैं उत्सुक,
ऐसे में अगर भोर का वहम पैदा करोगी,
तपते सूरज को शर्म आएगी,
हवा भी सुलगती हुई सर्द होगी,
कितना कुछ तो गड़बड़ होगा,
मुर्गे देने लगेंगे बांग,
प्रभातफेरियां सजानी पड़ेंगी,
आरतियों और घंटियों की ध्वनि से बदल जाएगा सब।
शेयर बाज़ार बिना परिणाम के फिर खुल जाएगा।
कितनी ही अर्थव्यवस्थाओं को,
कार्यालयीय व्यस्तताओं को,
प्रेमियों के तय वादों को,
स्कूलों में हो रहे नए एडमिशन्स को,
बिगाड़कर तुम्हें क्या मिलेगा।
ऐसे तेज़ सांस लेना-छोड़ना बंद रखो।
तुम्हारी एक-एक आहट से यह कमज़ोर दुनिया हो जाती है असंतुलित।
रहम करो देवि,
तुम्हारे अत्याचार का शिकार, एक अकेला मैं ही काफी नहीं हूं क्या?